अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। कहासुनी के बाद गोली मारकर बेटी की हत्या के आरोपी पिता का दूसरे दिन भी सुराग नहीं लगा है। पुलिस उसकी तलाश में दिन भर छापेमारी करती रही। पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में पानीपत भी पहुंची। आरोपी का सुराग न लगने के चलते हत्या के सही कारणों का भी खुलासा नहीं हो सका है।
शुक्रवार को मोहनगर निवासी एवं पिहोवा रोड स्थित एक कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई कर चुकी रूबल की उसके घर पर ही हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उसके पिता राजीव पर ही लगा है। हालांकि अभी यह मामला संदिग्ध ही माना जा रहा है। हत्यारोपी राजीव पानीपत के गांव अलुपुर का रहने वाला है। वह कुछ साल से अपने परिवार के साथ मोहन नगर में रह रहा था। एसएचओ जसपाल सिंह ने बताया कि आरोपी पिता के खिलाफ मामला दर्ज किया हुआ है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कई जगहों पर पुलिस टीमें छापेमारी की है। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद ही मामले का खुलासा होगा।