मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में एक की मौत, तीन घायल
अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा।
गांव भट्टमाजरा के समीप दो बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पिहोवा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां एक व्यक्ति की नाजुक हालत होने पर उसे कुरुक्षेत्र रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
हादसे में मरने वाले युवक की पहचान 19 वर्षीय साहिल निवासी भट्टमाजरा के रूप में हुई है। गांव भट्टमाजरा निवासी रुलदा राम ने बताया कि साहिल कुमार और गांववासी गुरप्रीत सिंह (18 साल) सुबह करीब नौ बजे बाइक पर मजदूरी के लिए गांव टिकरी जा रहे थे। वे गांव से कुछ दूर ही पहुंचे थे कि सामने की ओर से आ रही बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। हादसे में साहिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गुरप्रीत सहित अन्य दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पिहोवा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां गुरप्रीत की नाजुक हालत को देखते हुए डाक्टरों ने उसे कुरुक्षेत्र रेफर कर दिया। जांच अधिकारी सुरेंद्र पाल ने बताया कि सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए कुरुक्षेत्र भेज दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।