पिहोवा । गांव थाना गुजरांन वीरवार को अपनी चाची की हत्या करने के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी सतीश कुमार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। अदालत ने उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त हथियार को भी बरामद कर लिया है। थाना प्रभारी जय नारायण शर्मा ने बताया कि बलवान सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि वीरवार देर रात को सतपाल व सतीश कुमार के बीच पुराने झगड़े को लेकर कहासुनी हो गई थी। शोर शराबा सुनकर सतीश कुमार का ताऊ पूर्ण चंद बीच बचाव करने गया तो चक्कर आने से उसका सिर दीवार के साथ जा लगा। जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया और परिजन उसे इलाज के लिए पिहोवा के एक निजी अस्पताल ले गए थे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ताऊ की मौत की खबर सुनकर सतीश कुमार ने गुस्से में आकर करतारी देवी पर तलवार से हमला कर दिया था। जिससे करतारी देवी गंभीर रुप से जख्मी हो गई थी और अधिक खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सतीश कुमार मौके से फरार हो गया था। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी सतीश कुमार को गिरफ्तार कर उसे न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।