पेट्रोल पंप से चाकू की नोक पर हजारों रुपये छीनने के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार
घटना में प्रयुक्त बाइक के लिए एक दिन के रिमांड पर लिया
वारदात में प्रयुक्त चाकू व छीनी गई नकदी बरामद
कैथल। पेट्रोल पंप पर दिन-दहाड़े सेल्समैन से चाकू की नोक पर जबरन 5 हजार रुपये नकदी छीनने के मामले में वांछित आरोपी को थाना सदर पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया। घटना में प्रयुक्त बाइक की बरामदगी हेतू आरोपी का शनिवार को अदालत से एक दिन के लिए पुलिस रिमांड हासिल किया गया है, इससे पूर्व आरोपी के कब्जा से वारदात में प्रयुक्त चाकू व छीनी गई 600 रुपये नकदी बरामद की जा चुकी है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना सदर प्रबंधक सब इंस्पेक्टर ललित मोहन की अगुवाई में सहायक उप निरीक्षक विजेंद्र सिंह द्वारा गांव खनौदा में दबिश देते हुए इसी गांव निवासी करीब 22 वर्षीय आरोपी युवक अंकुश उर्फ गोपी को भादसं. की धारा 379बी अंतर्गत गिरफ्तार किया गया है। प्रवक्ता ने बताया ढांड-टीक रोड स्थित राहुल खुरानिया निवासी कैथल के पट्रोल पंप पर दिनांक 11 जून की दोपहर बाइक लेकर आए युवक द्वारा सेल्समेन खुशीराम को धमकी देते हुए फ्री में मोटरसाइकिल टंकी में पेट्रोल डालने को कहा, तो सेल्समैन ने तेल डालने से इंकार कर दिया। तैश में आए आरोपी ने चाकू निकाल कर सेल्समैन पर हमला करते हुए 5 हजार रुपये नकदी छीन ली गई तथा आरोपी फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज से मिली मदद के बाद पुलिस ने आरोपी को काबू कर लिया। उसके पास से 600 रुपये नकदी तथा वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया, जबकि घटना में प्रयुक्त बाइक की बरामदगी के लिए आरोपी का 16 जून को न्यायालय से एक दिन के लिए पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।