अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा। गांव स्योंसर के पास फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोशों ने डंडा मारकर रुपयों से भरा बैग छीन लिया। घटना मंगलवार देर शाम की है। पुलिस ने अज्ञात में मामला दर्ज किया है।
पुलिस में दी शिकायत में जींद निवासी सुखी राम ने कहा कि वह भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड कंपनी में कैश रिकवरी का काम करता है। मंगलवार को गांव बिलोचपुरा, गुलडेहरा, खरौदी, पहाड़ पुर, मनहेड़ी से रिकवरी के एक लाख 40 हजार रुपये कुरुक्षेत्र ब्रांच में जमा करवाने स्योंयर के रास्ते जा रहा था। पौने 5 बजे के करीब बाखली प्लॉट नंबर 4 के पास एक बिना नंबर की बाइक पर सवार दो युवकों ने उसकी को ओवरटेक करते हुए उसकी चलती बाइक पर डंडा मारकर रुकवा लिया। इसी बीच पीछे से दूसरी बिना नंबर की बाइक पर दो और युवक आए और उसकी पीठ पर बंधा हुआ रुपये से भरा बैग छीनकर स्योंसर की ओर भाग गए। बैग में उसका सैमसंग का टैब और जरूरी कागजात थे। चारों लुटेरों ने मुंह कपड़ों से ढक रखे थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी एएसआई हंसराज ने बताया कि घटना शाम पौने 6 बजे के आसपास की है। जबकि सुखी राम ने सात बजे पुलिस को सूचना दी है।
बाइक की चाबी और हेल्मेट भी छीना
सुखी राम ने बताया कि दूसरी बाइक पर सवार लुटेरे बैग छीनकर भागे। वहीं पहली बाइक पर सवार लुटेरों ने उससे उसकी बाइक की चाबी व हेल्मेट भी छीन लिया, ताकि वह उनका पीछा न कर सके।
जल्द काबू कर लिए जाएंगे आरोपी
थाना प्रभारी जय नारायण शर्मा ने बताया कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को काबू कर लेगी। पुलिस ने दो अज्ञात बाइक सवार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे।
पहले भी ये हो चुकी है वारदात
17 फरवरी 2017 को कैथल रोड पर स्थित पीएनबी की शाखा असमानपुर में चार नकाबपोश लुटेरों ने दिन दिहाड़े गन प्वाइंट पर बैंक कर्मियों को बंधक बनाकर करीब सात लाख रुपये लूट लिए थे। वहीं मॉडल टाउन जैसे रिहायशी क्षेत्र में भी तीन घटनाएं हो चुकी हैं। 20 अप्रैल 2017 को मॉडल टाउन से दिनदहाड़े बाइक सवार दंपति से बाइक सवार लुटेरे 50 हजार रुपये छीनकर फरार हो गए थे। 10 जनवरी 2018 को सरस्वती गैस एजेंसी के कर्मचारी जोगी राम से दिनदहाड़े चार युवकों ने दो लाख रुपये की छीने थे। ठीक 6 महीने बाद भी मॉडल टाउन में ही उक्त गैस एजेंसी के कर्मचारियों के सामने से एक बाइक पर सवार दो युवक सिलिंडर पर रखे 1 लाख रुपये से भरा बैग उठाकर फरार हो गए थे। मॉडल में हुई इन वारदात का कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है।