दिनदहाड़े महिला का पर्स व मोबाइल छीन कर भाग रहे दो आरोपियों की राहगीरों ने पकड़कर धुनाई कर दी। राहगीरों ने आरोपियों के कब्जे से छीना हुआ मोबाइल और पर्स बरामद कर महिला को वापस लौटा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी युवकों के पास से दो इंजेक्शन व कुछ संदिग्ध सामान मिला है। लोगों ने दोनों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपियों की पहचान सुमित व दीपक निवासी गांव खानपुर जिला करनाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार संगम मार्केट में बाइक सवार दो आरोपी युवक एक महिला का पर्स छीनकर भाग रहे थे। महिला के चिल्लाने पर कुछ राहगीरों ने आरोपी युवकों का पीछा किया और लाडवा-इंद्री मार्ग पर काबू कर लिया। इस दौरान उनकी जमकर धुनाई की। लाडवा पुलिस थाने से जांच अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला की तरफ से उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है।