कार और बाइक की टक्कर में जख्मी हुए बाइक चालक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव नुरद शाहपुर, जिला अंबाला वासी सूरज ने पुलिस थाना झांसा में दी शिकायत में बताया कि वह 7 नवंबर को अपने दोस्त सतीश कुमार वासी ठोल के साथ बाइक पर सवार होकर गांव ठोल से कुरुक्षेत्र की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वे गांव हिंगाखेडी के पास काजल फार्म के नजदीक पहुंचे तो एक कार चालक ने उसकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। वह सड़क की साइड में गिर गया और उसका दोस्त सतीश कुमार सड़क पर। कार चालक उनके पास थोड़ी देर रुकने के बाद मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल अवस्था में वह सतीश को एलएनजेपी अस्पताल लेकर पहुंचा। यहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए करनाल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां उसके दोस्त सतीश की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।