दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोप में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। गांव डल्लामाजरा वासी अमनदीप कौर ने पुलिस को सौंपी शिकायत में बताया कि उसकी शादी जिला अंबाला के गांव धुराली वासी सतविंदर सिंह के साथ 14 जुलाई 2017 को सिख रीति रिवाज के अनुसार हुई थी। शादी में मायके पक्ष ने अपनी हैसियत से बढ़ कर दान दहेज दिया था। शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल पक्ष ने दहेज की मांग करनी शुरू कर दी और सास व ननदों ने उसे ताने देने शुरू कर दिए। इसके पश्चात ससुराल पक्ष ने उसके साथ मारपीट भी शुरू कर दी और दहेज की मांग करने लगे। उसका पति नशा करता है और नशे में उसके साथ मारपीट करता है। पति से नशे की लत छुड़वाने के लिए सास शेर कौर ने उसे 70 हजार रुपये की मांग की और उसने मायके पक्ष से पैसे लाकर दिए, लेकिन दोनों ने मिल कर सारे पैसे खर्च कर दिए। ससुराल पक्ष ने उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद पंचायत हुई जिसमे उन्होंने गलती मानते हुए समझौता कर उसे वापस घर में बुला लिया, लेकिन कुछ दिन बाद फिर से पति ने नशे के लिए दस हजार रुपये की मांग की। मना करने पर उसने उसके साथ मारपीट की और फिर उसे घर से बाहर निकाल दिया। थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति सतविंदर सिंह, ससुर अजीत सिंह, सास शैर कौर, ननद राजविंदर कौर व कुलविंदर कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।