कलाकीर्ति भवन के पास कच्चे रास्ते से बाइक पर जा रहे युवक से दो बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने पर्स लूट लिया। आरोपी चाकू की नोक पर लूटपाट करके फरार हो गए। पर्स में करीब सात हजार रुपये थे। ब्रह्मानंद कॉलोनी वासी मोहित ने केयूके थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी छोटा बाजार में कपड़े की दुकान करता है। बुधवार रात करीब 9 बजे वह दुकान बंद करके मल्टी आर्ट कल्चर सेंटर से कच्चे रास्ते से होता हुआ अपने घर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान पीछे से बाइक पर दो युवक आए और उससे रास्ता पूछने लगे थे। जैसे ही वह उनको रास्ता बताने के लिए रुका तो उसी दौरान एक युवक चाकू निकाल कर उसे डराने धमकाने लगा। आरोपियों ने उससे उसका पर्स छीन लिया, जिसमें करीब सात हजार रुपये थे। अंधेरा होने के कारण वह युवकों को पहचान नहीं सकता। आरोपी उसका पर्स छीन कर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज करके जांच एसआई वजीर सिंह को सौंपी है। जांच अधिकारी वजीर सिंह ने बताया कि वह क्षेत्र में सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं। अभी आरोपियों के बारे में कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस जल्द ही वारदात को सुलझा लेगी।