जमीनी विवाद को लेकर मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। झांसा थाना पुलिस ने बलजीत सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच कार्रवाई शुरू कर दी है। संतोषपुरा निवासी बलजीत सिंह ने पुलिस को सौंपी शिकायत में बताया कि वे सभी अपने खेतों में काम कर रहे थे। उसी समय उनका छोटा भाई गुरमीत सिंह, उसकी पत्नी बलविंदर कौर, गुरमीत सिंह का ससुर प्यारा सिंह और प्यारा सिंह के पोते खेत में आए।
गुरमीत सिंह, प्यारा सिंह का पोता सड़क के पास खेत में डोल बनाने लगे, जिनको देख बड़े भाई कुलदीप ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो उन सब ने मिल कर लाठियों, गंडासी और कस्सी से हमला बोल दिया। झगड़ा देखकर जब वह अपने भाई को छुड़वाने आया तो उपरोक्त सभी ने उस पर भी हमला कर दिया। राहगीरों ने उन्हें उनसे छुड़वाया। जब वे सड़क पर आए तो एक सफेद रंग की लंबी गाड़ी से चार आदमी निकले जिनमें गुरमीत का साला काका भी मौजूद था। उन्होंने तलवारों से उन पर हमला कर दिया और उनके साथ मारपीट की और जाते समय उन्हें जान से मारने की धमकी देकर भी गए। थाना प्रभारी प्रदीप सिंह का कहना है कि पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले की जांच एसआई राजकुमार को सौंपी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।