नाभा (पंजाब) से विवाह में स्टाल का काम खत्म करके अपने गांव लौट रहे युवक को बाइक पर लिफ्ट लेना महंगा पड़ा। बाइक सवार उससे 10 हजार रुपये व मोबाइल छीनकर फरार हो गया। गांव कंदौली वासी पंकज कुमार ने शाहाबाद थाना पुलिस में दर्ज शिकायत में कहा कि 3 अप्रैल को वह नाभा में विवाह समारोह में स्टाल का काम खत्म करके शाम साढ़े 4 बजे गांव के लिए चला था। रात साढ़े 8 बजे वह लाडवा चौक शाहाबाद पहुंचा तो कोई साधन न होने के कारण वहीं खड़ा हो गया। कुछ देर के बाद एक बाइक चालक, जिसने उसके इशारा करने पर बाइक रोक ली और वह उसके साथ बैठक गांव की ओर जाने लगा। आरोपी ने देवी मंदिर चौक से अपनी बाइक मोड़ ली तथा लाडवा चौक व बराडा चौक से होते हुए डेहा बस्ती शाहाबाद पर आ गए, जहां पर उसने उसके मोबाइल से किसी को फोन किया। डेहा बस्ती से एक युवक और आ गया। वह भी बाइक पर पीछे बैठ गया। वह तीनों अनाज मंडी बराड़ा मोड़ पर ठेके पर गए, जहां दोनों ने शराब पी। शराब पीने के बाद वे तीनों बाइक पर सवार हो कर जोगी माजरा की तरफ कच्चे रास्ते पर चले गए। करीब एक किलोमीटर जाने के बाद उन्होंने बाइक रोक ली और एक ने उसके हाथ पकड़ लिए व दूसरे ने जबरदस्ती उसकी जेब से 10 हजार रुपये छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। वहीं लाडवा वासी महिला सोनिया ने शिकायत में कहा कि बाइक सवार दो लोगों ने लाडवा मार्केट से उसका बैग छीन लियाख् जिसमें मोबाइल, पांच हजार रुपये व कीमती कागजात आदि थे। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।