शांति नगर स्थित मकान के ताले तोड़कर चोरों ने नकदी व जेवर चोरी कर लिए। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। अनंत राम शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह अपने परिवार के साथ अपनी बेटी व दामाद को लेने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट गए थे। सुबह साढ़े पांच बजे वे वापस घर आए तो पूरे घर में सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखा सारा सामान गायब था। चोर उसके घर से एक रानी हार, टॉप्स ले गए, जिसकी कीमत करीब 25 हजार रुपये है। वहीं करीब साढ़े 17 हजार रुपये के 25 चांदी के सिक्के, 25 हजार रुपये कैश, पायल, चुगटी और सोने के टॉप्स चोरी हुए है। चोर उसके घर से लगभग 91 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए हैं। शिकायत पर पुलिस ने मौके का मुआयना करके मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। केयूके थाना पुलिस के जांच अधिकारी सुभाष चंद ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच कर रही है। उधर, शाहाबाद के गांव झरौली खुर्द की पुरानी बिल्डिंग का दरवाजे तोड़कर चोर कीमती सामान चोरी कर ले गए। पुलिस को दी शिकायत में सरकारी पशु अस्पताल के इंचार्ज डॉ. विक्रम ने कहा कि चोर पुरानी बिल्डिंग से चिकित्सा में काम आने वाले औजार, फर्नीचर सहित अन्य सामान भी चुरा कर ले गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।