अमीन रोड पर मोटरसाइकिल तीन युवकों ने सड़क पर खड़े एक युवक से पता पूछने के बहाने मोबाइल छीन लिया। इससे पहले की युवक कुछ समझ पाता तीनों मोटरसाइकिल पर सवार उसे धक्का देकर मौके से फरार हो गए। कृष्णा गेट थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। अमीन रोड स्थित पटियाला बैंक कॉलोनी निवासी संतोष पासवान ने कृष्णा गेट थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि 15 मार्च को रात पौने 11 बजे वह अपनी गली के मोड़ पर खड़ा था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन युवक आए। युवकों ने उससे किसी का पता पूछा। जब वह पता बताने लगा तो उन्होंने उसके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया। इससे पहले की वह कुछ समझ पाता आरोपी उसे धक्का देकर फरार हो गए। उसने आरोपी का पीछा भी किया, मगर वे फरार होने में कामयाब रहे। उसके मोबाइल में दो सिम कार्ड थे। संतोष पासवान ने पुलिस से आरोपियों को गिरफ्तार करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच एसआई सुनील कुमार को सौंपी है।