सेक्टर-13 में एक घर से चोर जेवरात व नकदी चुराकर फरार हो गए। चोर मकान की ऊपरी मंजिल से घर में घुसे थे। थाना शहर थानेसर पुलिस को दी अपनी शिकायत में राकेश कौशिक वासी सेक्टर-13 ने कहा कि वह अपने घर का ताला लगाकर अपनी पत्नी की बीमारी के इलाज के लिए दिल्ली गया हुआ था। इलाज में कई दिन लग गए। इलाज के बाद वह लोग घर लौटे तो अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था। चोर अलमारी का लॉक तोड़कर सोने की दो चेन, लॉकेट, चांदी की पाजेब, सोने की नथनी, अंगूठी, कपडे़, पर्स, 10 हजार रुपये नकदी सहित करीब चार लाख रुपये का सामान चुरा ले गए। चोर ऊपरी मंजिल के दरवाजा तोड़कर घर में घुसे थे। शिकायत पर पुलिस ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।