मकान पर बैंक से सात लाख रुपये का लोन लेकर धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने पिता-पुत्र को नामजद किया है। आरोपी पिता-पुत्र ने मकान के कागजात बैंक के पास गिरवी रखकर लोन लिया था, उसके बाद आरोपियों ने मकान को आगे बेच दिया। मामले की भनक लगने पर बैंक प्रबंधक ने पुलिस को शिकायत दी।
थाना शहर थानेसर पुलिस को दी शिकायत में एसबीआई शाखा थानेसर के प्रबंधक ने कहा कि रामस्वरूप वासी दीदार नगर ने उनके बैंक के पास अपने मकान के कागजात गिरवी रखकर 11 दिसंबर 2008 को लोन लिया था। बैंक के पास उक्त मकान के कागजात रिकॉर्ड में पड़े हुए हैं, मगर रामस्वरूप ने अपने बेटे नवीन के साथ मिलकर गिरवी मकान को आगे बेच दिया। आरोपी ने बैंक से लिए लोन को भी नहीं भरा है। मामले की जांच पड़ताल के बाद पुलिस को शिकायत दी गई। शिकायत पर पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ धोखाधड़ी व साजिश रचने का मामला दर्ज कर लिया है।