जिले में कोविड गाइडलाइन के तहत श्मशानघाट में नगर परिषद के कर्मचारियों ने सोमवार को पांच संक्रमित मरीजों का अंतिम संस्कार किया, जिसमें तीन पुरुष व दो महिलाएं शामिल थीं। मरने वालों में एक मरीज दिल्ली का था। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने दो कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत होने की पुष्टि की है। विभाग के आंकड़ों के मुताबिक सोमवार को जिले में 193 नए केस मिले हैं। अब तक कोरोना से 174 लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार बढ़ते मौत के आंकड़े और गिरते रिकवरी रेट को लेकर हर कोई चिंतित है।
जानकारी के अनुसार पिछले 22 दिनों से रोजाना दो से तीन लोग दम तोड़ रहे हैं। उधर एक्टिव केसों की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है और रिकवरी रेट लुढ़कता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सोमवार देर सायं जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार 221 मरीजों को ठीक होने पर अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। अब तक 13363 मरीज ठीक होकर घर लौट गए है। अहम पहलू यह है कि अभी तक लिए गए 289503 में से 270447 सैंपलों की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है। जिला सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर सिंह ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव शास्त्री नगर कुरुक्षेत्र निवासी 58 वर्षीय और गांव कलाल माजरा निवासी 42 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई है। इस जिले में अब तक 15738 पॉजिटिव केस सामने आ चुके है। वायरस की जांच के लिए इस जिले से अब तक 289503 में से 270447 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। इनमें से 13363 मरीज ठीक होकर घर जा चुके है और 174 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मृत्यु हो चुकी है। इस प्रकार कुरुक्षेत्र में कोरोना वायरस के 2201 एक्टिव केस है।
अभी भी है जागरूकता का अभाव
कोरोना पिछले कई दिनों से अपना भयानक रूप दिखा रहा है। प्रशासन की ओर से लगातार लोगों से जागरूक होने की अपील की जा रही है, लेकिन अभी भी बाजारों से लापरवाही भरी तस्वीरें सामने आ रही हैं। थानेसर बाजार भारी संख्या में अभी भी खरीदारी करने के लिए लोग पहुंच रहे हैं। यहां बगैर मास्क घूमने वालों पर नगर परिषद के अधिकारी चालान कर उन्हें जागरूक करने का काम कर रहे हैं।