लाडवा विधायक डॉ. पवन सैनी ने कहा कि राज्य सरकार ने यमुनानगर और भिवानी
में गौ अभ्यारण्य स्थापित करना शुरू कर दिया है। राज्य सरकार पशुधन विकास
के लिए चिंतित है और इसके लिए सरकार ने अनेकों योजनाओं को लागू करने का काम
किया है।
विधायक डॉ. पवन सैनी वीरवार को कृत्रिम गर्भाधारण से उत्पन्न
संकर नस्ल के गाय और भैंस के बच्चों की प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद
बोल रहे थे। इसका आयोजन जेके ट्रस्ट ग्राम विकास योजना द्वारा गांव
सैनीमाजरा में पशु प्रजनन कार्यक्रम के तहत किया गया है।
उन्होंने कहा कि
भाजपा सरकार ने सत्ता संभालते ही सबसे पहले देसी नस्ल की गाय को सुधारने और
प्रत्येक व्यक्ति को गाय पालने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि
सरकार ने राष्ट्रीय गौ-भैंस प्रजनन और डेरी विकास प्रजनन के तहत 24 करोड़
रुपये स्वीकृत किए हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शीघ्र ही हरियाणा गौ
सेवा आयोग को नौ करोड़ 20 लाख रुपये उपलब्ध करवाएगी। राष्ट्रीय डेरी
परियोजना के अंतर्गत 2208 लाख रुपये की तीन योजनाएं और हिसार में डेयरियों
को शहर से बाहर करने के लिए चार ब्लॉकों में 25-25 एकड़ भूमि उपलब्ध
करवाएगी।
कार्यक्रम के वशिष्ट अतिथि पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ.
धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि इस प्रदर्शनी में 500 अन्य पशुपालकों ने भी
शिरकत की है। गांव के सरपंच कृष्ण सैनी ने प्रदर्शनी में प्रथम आने वाले
प्रथम श्रेणी को 500, द्वितीय को 300 रुपये और तृतीय को 200 रुपये का
पुरस्कार दिया गया।
इस मौके पर डॉ. राजन चौधरी, डॉ. उपेंद्र कंसल, डॉ. अनिल
सैनी, डॉ. सुंदीप गुलिया, जेके ट्रस्ट के उपराज्य परियोजना प्रबंधक डॉ.
रविशंकर यादव, भगवती प्रसाद आदि मौजूद थे।