कुरुक्षेत्र। सोमवार को भी मौसम में बदलाव का सिलसिला जारी रहा, जिसके चलते कभी हल्की धूप खिल उठी तो कभी आसमान में बादल छा गए। मौसम में बदलाव के चलते दिनभर 24 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से ठंडी हवा भी चलती रही, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलती नजर आई। दोपहर के समय भी लोग बाजारों में खरीदारी के लिए पहुंचे, जिससे दुकानदारों के चेहरों पर भी रौनक देखने को मिली।
वहीं दोपहर बाद भी मौसम करवट लेता नजर आया। आसमान में घने बादल छा गए और लोग भी बारिश होने की उम्मीद करने लगे, लेकिन बारिश न हो पाई, जिससे लोगों को मायूस होना पड़ा। सोमवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री व न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि मंगलवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री व न्यूनतम 27 डिग्री रहने की संभावना बनी हुई हैं।मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से मौसम में बदलाव नजर आएगा और बुधवार को बारिश होने की संभावना बनी हुई हैं, जिससे जहां धान की फसल को फायदा मिलेगा तो वहीं उमस भरी गर्मी का असर भी कम होगा।कृषि केंद्र के विशेषज्ञ डॉ. नसीब सिंह का कहना है कि मंगलवार को मौसम में बदलाव रहेगा और बुधवार को बारिश होने की संभावना बनी हुई हैं, जिससे धान की फसल को फायदा मिलेगा। धान की फसल को पानी की जरूरत ज्यादा होती हैं। हालांकि पिछले साल के मुकाबले इस बार बारिश काफी कम हो रही हैं, लेकिन अभी भी बारिश होने पर धान की फसल को फायदा मिलेगा।