कुरुक्षेत्र। श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय इस साल इतिहास रचने जा रहा है, जब पहली बार दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। यह समारोह विश्वविद्यालय के 2022-23 और 2023-24 के सत्रों के विद्यार्थियों के लिए खास होगा। इसमें बीएएमएस और एमडीएमएस पाठ्यक्रमों के करीब 200 विद्यार्थियों को उनकी डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन इस महत्वपूर्ण आयोजन की तैयारियों में जुटा हुआ है और सभी दस्तावेजों से संबंधित कार्य पूरे किए जा रहे हैं।
दीक्षांत समारोह का आयोजन मार्च में प्रस्तावित होगा, जिसमें प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। पूर्व छात्रों में डिग्री प्राप्त करने को लेकर उत्साह का माहौल बना हुआ है। बीएएमएस और एमडीएमएस के विद्यार्थियों के गोल्ड मेडलिस्ट को सम्मानित किया जाएगा। समारोह को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन दस्तावेजी कार्यों को पूरा करने के साथ-साथ आयोजन स्थल और अन्य व्यवस्थाओं पर भी काम कर रहा है। इस आयोजन में सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों, और उनके अभिभावकों के साथ अन्य सदस्यों की उपस्थिति की उम्मीद है। यह दीक्षांत समारोह न केवल विश्वविद्यालय के लिए, बल्कि छात्रों और उनके परिवारों के लिए भी एक गर्व का क्षण होगा। यह आयोजन छात्रों की उपलब्धियों का जश्न मनाने के साथ ही विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा को भी बढ़ाएगा। विश्वविद्यालय का पहला दीक्षांत समारोह ऐतिहासिक होगा।
समारोह को लेकर राज्यपाल से मांगी गई औपचारिक तिथि : प्रो. वैद्य करतार
कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान ने बताया कि आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। समारोह की तिथि राज्यपाल से औपचारिक रूप से मांगी गई है। ये समारोह का आयोजन विश्वविद्यालय के बहुउद्देशीय हॉल में ही किया जाएगा, जिसका निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।