कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का 34वें दीक्षांत समारोह के लिए विश्वविद्यालय का श्रीमद्भगवद् गीता सदन पूरी तरह सज चुका है। 18 फरवरी को होने वाले 34वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार को रिहर्सल की गई, जिसमें अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।
रिहर्सल के दौरान सभी पीएचडी, डिग्री एवं गोल्ड मेडलिस्ट विद्यार्थियों ने भाग लिया। पहले चरण में पीएचडी उपाधि प्राप्त करने वाले सभी संकायों के विद्यार्थियों को रिहर्सल कराई गई। इसमें कला एवं भाषा संकाय, विज्ञान संकाय, समाज विज्ञान संकाय, जीव विज्ञान संकाय, फार्मास्यूटिकल साइंस संकाय, शिक्षा संकाय, प्राच्य विद्या संकाय, विधि संकाय, वाणिज्य एवं प्रबंधन संकाय के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
समारोह में 1746 यूजी, पीजी और पीएचडी के विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे तथा राज्यपाल एवं कुवि कुलाधिपति बंडारू दत्तात्रेय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, इसरो के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एस सोमनाथ, कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा और कुलसचिव डॉ. वीरेंद्र पाल बतौर विशिष्ट अतिथि हिस्सा लेंगे। समारोह को लेकर श्रीमद्भगवद् सदन का प्रांगण पूरी तरह सज चुका है। विद्यार्थियों ने एक दिन पहले पहुंचना शुरु कर दिया तथा अपने पुराने अनुभवों को फिर से ताजा किया।
मानद उपाधि से नवाजा जाएगा सीएम सैनी और इसरो के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एस सोमनाथ को
कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के लिए गौरवशाली क्षण है कि विश्वविद्यालय 34वें दीक्षांत समारोह का आयोजन करने जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और इसरो के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एस सोमनाथ को मानद उपाधि से नवाजा जाएगा। परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंकेश्वर प्रकाश ने बताया कि 34वें दीक्षांत समारोह में 130 पंजीकृत शोधार्थियों को अतिथियों द्वारा पीएचडी उपाधि दी जाएगी। समारोह में 91 विद्यार्थियों को मंच पर स्वर्ण पदक व सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया जाएगा। रिहर्सल के दौरान सभागार में सभी कमेटियों के संयोजक, सदस्य एवं अधिकारी एवं विद्यार्थी मौजूद थे।
बॉक्स
इसरो के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सोमनाथ एस देंगे विशेष व्याख्यान
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के 34वें दीक्षांत समारोह के दौरान इसरो के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रतिष्ठित वैज्ञानिक डॉ. सोमनाथ एस कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के फैकल्टी लॉज में सुबह 9 बजे विशेष व्याख्यान देंगे। इस अवसर पर केयू विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों को विज्ञान संबंधी अहम जानकारी भी साझा करेंगे।
बाक्स
शैक्षणिक यात्रा के साथ गूंजेंगे गीता के श्लोक
दीक्षांत समारोह का शुभारंभ गीता श्लोक व तैत्तिरीय उपनिषद शिक्षावल्ली से होगा। जैसे ही शैक्षणिक शोभा यात्रा शुरू होगी वैसे ही गीता के श्लोक ऑडिटोरियम हाल में गूजेंगे। इस तरह से विश्वविद्यालय के 34वें दीक्षांत समारोह का शुभारंभ होगा।
बाक्स
बिना पहचान पत्र के नहीं मिलेगा प्रवेश
दीक्षांत समारोह में किसी को भी बिना निमंत्रण व ड्यूटी पास के बिना प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। विद्यार्थी पहचान पत्र आदि संबंधित विभाग से प्राप्त किए जा सकते हैं। विद्यार्थियों को वाहन भी पार्किंग में लगाने होंगे। सुरक्षा से लेकर अन्य व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।