कुरुक्षेत्र। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद कथित रूप से स्थल शुद्धिकरण किया गया। इस घटना के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रदर्शन और सत्याग्रह किया। जिलाध्यक्ष मेवा सिंह की अगुवाई में कांग्रेसियों ने जोरदार आवाज बुलंद की।
कार्यकर्ताओं के अनुसार, किसी राजनीतिक कार्यक्रम के बाद स्थल का शुद्धिकरण मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान है। यह संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक समानता पर भी सवाल खड़े करता है। मेवा सिंह ने कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार देता है। जाति, धर्म या समुदाय के आधार पर भेदभाव लोकतांत्रिक भारत की मूल भावना के विपरीत है। उन्होंने हल्द्वानी की घटना को चिंताजनक बताया। कांग्रेस ऐसी सोच के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाती रहेगी।
प्रदर्शन में थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा और शाहाबाद विधायक रामकरण काला भी शामिल हुए। दोनों नेताओं ने कहा कि संविधान सभी नागरिकों को समानता और सम्मान का अधिकार देता है। लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं लेकिन जाति के आधार पर भेदभाव स्वीकार्य नहीं है। कार्यकर्ताओं ने केंद्र एवं भाजपा की कथित भेदभावपूर्ण मानसिकता के खिलाफ नारेबाजी की। मेवा सिंह ने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण संघर्ष जारी रखेगी।