कुरुक्षेत्र। हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) और सरकार की रोजगार नीतियों के विरोध में कांग्रेस 19 अगस्त को पंचकूला स्थित एचकेआरएन कार्यालय पर राज्यस्तरीय धरना-प्रदर्शन करेगी। प्रदर्शन की तैयारियों को लेकर थानेसर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक पंजाबी धर्मशाला में हुई। थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा ने कार्यकर्ताओं से पंचकूला पहुंचने का आह्वान किया। अशोक अरोड़ा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की रोजगार नीतियां युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही हैं। उन्होंने कहा कि एचकेआरएन अस्थायी नौकरियों को बढ़ावा दे रहा है, जिससे नौकरी की सुरक्षा और मानदेय का अभाव है। बेरोजगारी से युवा तनाव में हैं और विदेश जाने को मजबूर हैं। उन्होंने एचकेआरएन भर्तियों में पारदर्शिता और आरक्षण नियमों का पालन न होने का भी आरोप लगाया। कांग्रेस की मांग है कि एचकेआरएन कर्मचारियों को पूरा मानदेय मिले और नियमित भर्ती शुरू हो।