कुरुक्षेत्र। कांग्रेस की अपने शासनकाल के दौरान ऐसी नीतियां रही, जिससे गरीब लोग और ज्यादा गरीब हो गए और अपनों को अमीर बना लिया। इन्हीं अमीर लोगों में शामिल है रॉबर्ट वाड्रा, जो अब जांच एजेंसियों के निशाने पर हैं। जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं और जो भी भ्रष्टाचार या गलत काम करता है उसे खामियाजा तो भुगतना ही पड़ता है। ये विचार मुख्यमंत्री नायब सैनी ने शुक्रवार को ज्योतिसर स्थित महाभारत अनुभव केंद्र का अवलोकन करने के दौरान व्यक्त किए। उन्होंने पंजाब के सीएम भगवंत मान के संबंध में कहा कि उनकी सरकार के पीछे दूसरी ताकतें काम कर रही हैं। कई कामों का तो मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी पता भी नहीं होता।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कुरुक्षेत्र की धरा पर भगवान श्री कृष्ण ने कर्म का अमर संदेश पूरी मानवता को दिया था और इसी धारा को धर्म व पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने में सरकार लगी है। इसके लिए अनेक प्रोजेक्ट पर काम किया जा रहा है तो अनेक पूरे भी हो चुके हैं। इन्हीं में शामिल है महाभारत अनुभव केंद्र जिसे अगले दो माह में तैयार कर लिए जाने के पूरे प्रयास हैं ,जिसके बाद इसे आमजन के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह बड़ा प्रोजेक्ट है और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी बुलाने के प्रयास किए जाएंगे।
बॉक्स
सीईटी परीक्षा के लिए किए जा रहे पूरे प्रबंध
मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 वर्ष 27 जुलाई को यह परीक्षा होगी, जिसके लिए पूरे प्रबंध किए जा रहे हैं। परीक्षा देने में युवाओं को कोई परेशानी न रहे इसके लिए 9200 बसें लगाई जाएगी। इनमें रोडवेज के साथ-साथ निजी स्कूलों की बसें भी शामिल की जाएगी। यह बसें निर्धारित स्थल से परीक्षा केंद्रों तक अभ्यर्थियों को पहुंचाने का काम करेंगी।