पिछले दस साल में देश व प्रदेश की जनता को भाजपा सरकार से केवल धोखा ही मिला है। विकास तो दूर देश की संपत्ति भी अमीर घरानों के हाथों में सौंपी जा रही है। ये आरोप कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने लगाए। वे रविवार को कांग्रेस की जन संदेश यात्रा के स्वागत में पिहोवा में अनाजमंडी में कांग्रेस नेता स्वामी संदीप ओंकार द्वारा आयोजित जन सम्मान रैली को संबोधित कर रही थी।
इससे पहले यात्रा का यहां पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। सैलजा ने कहा कि सरकार की गलत शिक्षा नीति के चलते सरकारी स्कूलों को बंद किया जा रहा है ताकि गरीब लोगों के बच्चे पढ़ न सकें। साजिश के तहत सरकार प्रदेश के सरकारी स्कूलों को बंद कर प्राइवेट स्कूलों को बढ़ावा दे रही है।
सैलजा ने कहा कि मंहगाई, बेरोजगारी के कारण लोगों का जीना दूभर हो गया है। प्रदेश में लाखों पद खाली पड़े हैं, पर नौकरियां नहीं दी जा रही। अगर कुछ नौकरियां दी भी गई तो वह सिर्फ ग्रुप डी की जबकि अच्छे पदों पर अन्य राज्यों के लोगों को नौकरियों पर लगाया जा रहा। उन्होंने कहा कि इवेंट मैनेजमेंट व प्रचार से देश का भला नहीं हो सकता।
कांग्रेस की सरकार बनने पर सभी वर्गों के अनुसार योजनाएं लागू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की संदेश यात्रा हरियाणा में बदलाव लेकर आएगी, यात्राओं में उमड़ रही भीड़ इस बात का प्रमाण है कि जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि दस साल में जनता को विश्वासघात के सिवाय कुछ नहीं मिला।
झूठे वायदे करने वाली भाजपा ने अपना कोई भी वायदा पूरा नहीं किया है। हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने के बात कही थी रोजगार देना तो दूर बल्कि नौकरियों को खत्म किया जा रहा है। मंहगाई के चलते महिलाओं को रसोई चलाना तक मुश्किल हो गया है, कांग्रेस के राज में गैस सिलिंडर 400 रुपये में मिलता था अब 1100 रुपये तक पहुंच गया है।
युवाओं को मजदूर बनाकर इजरायल भेज रही सरकार: सुरजेवाला
कांग्रेस के महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि नए हरियाणा निर्माण को लेकर राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे का संदेश जन जन तक पहुंचाने के लिए यह यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कार्यकाल में इंजीनियर युवाओं को रोजगार के लिए विदेश भेजा जाता था पर आज प्रदेश सरकार युवाओं को मजदूरी करने के लिए इजरायल भेज रही है। यूजीसी सभी कॉलेजों में एससी, एसटी और ओबीसी का आरक्षण खत्म कर रही है। किसान हितेषी होने का दावा करने वाली भाजपा ने किसानों का सबसे ज्यादा मानसिक, आर्थिक शोषण किया है। किसान एक साल तक धरने पर रहा, कांग्रेस ने उस धरने का पूरी तरह से समर्थन किया। सरकार ने एमएसपी पर कानून बनाने का झूठा आश्वासन देकर धरना समाप्त करवा दिया। अब प्रदेश में भी भाजपा-जजपा का खेल प्रदेश की जनता समझ चुकी है और प्रदेश की जनता ने इस जनविरोधी नीतियों वाली सरकार को सत्ता से बाहर फेंकने का मन बना लिया है।
पिहोवा के लोगों ने हमेशा लिखी राजनीति की नई इबारत : ओंकार
जन सम्मान रैली के संयोजक स्वामी संदीप ओंकार ने कहा कि पिहोवा हलके लोगों ने हमेशा ही राजनीति की नई इबारत को लिखने का काम किया है । उन्होंने कहा कि पिहोवा हलके के साथ मौजूदा सरकार ने भेदभाव की नीति के साथ काम किया। मौजूदा विधायक जोकि राज्य सरकार में मंत्री भी है वो एक भी ऐसा प्रोजेक्ट हलके में नहीं ला पाए, जिससे युवाओं को रोजगार मिला हो। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक लगभग तीन वर्ष से ज्यादा समय तक प्रदेश के खेलमंत्री भी रहे लेकिन पिहोवा में न तो कोई नया खेल स्टेडियम बना उल्टा कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बने खेल स्टेडियम भी मौजूदा सरकार की गलत नीतियों की भेंट चढ़ रहे हैं।
देश व प्रदेश को कांग्रेस पार्टी ही सही तरीके से संभाल सकती है। इसी पार्टी से हर वर्ग की उम्मीदें जुड़ी है और जनता ने अगले चुनाव में इसे ही सत्ता सौंपने का मन बना लिया है। इसका सुबूत संदेश यात्रा में ही उमड़ रही भीड़ से मिल रहा है। यह दावा पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने किया। वे यहां बिरला मंदिर पर कांग्रेस संदेश यात्रा पहुंचने के उपरांत आयोजित कार्यक्रम में बोल रही थी।
इससे पहले यात्रा का कांग्रेस के वरिष्ठ नेता लक्ष्मीकांत शर्मा व अन्य कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान सैलजा ने कहा कि आज वर्तमान सरकार से हर वर्ग दुखी है और सत्ता परिवर्तन अवश्य होगा। वहीं कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि पार्टी का संदेश लेकर कार्यकर्ताओं व आम जन के बीच जा रहे हैं। इस बार होने वाले चुनाव धर्म और अधर्म, न्याय और अन्याय की लड़ाई का होगा ओर इसमें धर्म व न्याय की जीत होगी। कांग्रेस पार्टी प्रदेश की सभी दस लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी तो वहीं प्रदेश में विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस ही सत्ता में आएगी।
सबसे पहले गुमथला गढू में किया यात्रा का स्वागत
कांग्रेस संदेश यात्रा का सबसे पहले गांव गुमथला गढू में स्वागत किया गया, जिसके बाद यात्रा पिहोवा पहुंची, जहां अनामंड़ी में जन सम्मान रैली का आयोजन किया गया। इसके बाद यात्रा विभिन्न गांवों से होते हुए कुरुक्षेत्र पहुंची, जहां बिरला मंदिर सहित कई जगह स्वागत किया गया। इसके बाद यात्रा सेक्टर 13 स्थित कांग्रेस भवन पहुंची और यहां भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया।