इस्माईलाबाद। समीप थांदडो रोड की खस्ता हालत। विज्ञप्ति
इस्माईलाबाद। थांदडो गांव को शहर से जोड़ने वाली मुख्य सड़क की खराब हालत ने ग्रामीणों और राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सड़क में जगह-जगह गहरे गड्ढे बन चुके हैं, जिनमें बरसात का पानी भरने से दोपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलकर गिर रहे हैं। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है, लेकिन अभी तक सड़क की मरम्मत नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों बलजीत सिंह, जसवीर सिंह, नैब सिंह और धर्म सिंह आदि ने बताया कि सरकार ने आदेश दिया था कि 15 जून से पहले सभी लिंक सड़कों की मरम्मत की जाए, लेकिन जुलाई माह आने को है और थांदडो सड़क की हालत जस की तस बनी हुई है। इससे लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क कई गांवों जैसे जैतपुरा, जोधपुर, जंधेडी, बालापुर, कलावड़, दानीपुर, तंगोली और जखवाला को जोड़ती है। आगे यह पटियाला रोड से भी मिलती है, जिससे इस सडक़ पर आवाजाही अधिक रहती है। ऐसे में सड़क की खराब हालत दुर्घटनाओं को न्योता दे रही है। बारिश का पानी भर जाने पर यह खड्डे दिखाई भी नहीं देते हैं, जिससे ओर समस्या बन जाती है।
जल्द होगा सड़क का निर्माण कार्य शुरू
पीडब्ल्यूडी विभाग के जूनियर इंजीनियर अमन कुमार ने बताया कि लोगों की मांग और सड़क की स्थिति के बारे में वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। सड़क निर्माण के लिए कागजी प्रक्रिया जारी है और जल्द ही टेंडर लगाया जाएगा। इसके बाद काम शुरू कर दिया जाएगा।