कुरुक्षेत्र/ शाहाबाद। अंबाला-दिल्ली नेशनल हाईवे 44 लिंक रोड पर स्थित पेट्रोल पंप पर रविवार सुबह सीएनजी गैस लीक हो गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सतीश कुमार भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और अंबाला से सीएनजी राहत कार्य वाली टीम को बुलाया गया।
सुरिंदर नाथ-श्रवण कुमार फार्म के एचपी पेट्रोल पंप के पीछे स्थित घरों में भी दहशत का माहौल बन गया और करीब आधा दर्जन घरों के लोग अपने मकान छोड़कर बाहर सड़क पर निकल गए। पेट्रोल पंप के आसपास हजारों दुकानें और आवासीय क्षेत्र होने के कारण स्थिति चिंताजनक हो गई। अंबाला से सीएनजी गैस विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
अंबाला से पहुंचे अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि सेफ्टी वॉल के ओवरफ्लो होने के कारण गैस लीक हुई थी। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गैस लीकेज को बंद कर दिया है। सेफ्टी वॉल में मौजूद गैस को नियंत्रित तरीके से निकाला गया है। हेल्पर्स सोसायटी के प्रधान तिलक राज ने बताया कि गैस लीक की घटना से आसपास के निवासियों में दहशत का माहौल था, लेकिन स्थिति पर काबू पाए जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है। लोगों का यह भी कहना था कि आबादी वाले क्षेत्र से सीएनजी गैस को दूर ही रखना चाहिए ।