कुरुक्षेत्र। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में द्रोणाचार्य स्टेडियम में राज्यस्तरीय राष्ट्रीय एकता दिवस पर रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रहे, जहां उन्होंने लोगों के साथ दौड़ लगाकर देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। द्रोणाचार्य स्टेडियम से शुरू होकर रन फॉर यूनिटी लघु सचिवालय, पंचनद चौक, जिंदल चौक से होते हुए द्रोणाचार्य स्टेडियम में संपन्न हुई। मुख्यमंत्री ने ओलंपिक व एशियन खेलों में धाक जमाने वाले खिलाड़ी मनोज कुमार, रमिता जिंदल, मानविंद्र सिंह, पंकज कुमार व सुरेंद्र कुमार को सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो संकल्प लिया है, उसमें हरियाणावासी अहम भूमिका अदा करेंगे। सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर शपथ दिलाई कि उनके सपनों को साकार कर निरंतर आगे बढ़ेंगे। प्रधानमंत्री ने अनुच्छेद 370 व 35-ए को हटाकर राष्ट्र को एक करके सरदार पटेल के अखंड भारत के सपने को साकार किया है। महान स्वतंत्रता सेनानी सरदार पटेल बहुआयामी सोच वाले व्यक्तित्व के धनी थे और जन-जन के दिलों में बसते हैं। धर्मनगरी की पावन धरा से एकता का संदेश आज पूरे विश्व में जाएगा। रन फॉर यूनिटी का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता और अखंडता को और मजबूत करना है।
भारत की एकता और अखंडता को मजबूत करने में स्वतंत्रता सेनानी लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल का अहम योगदान है। दुनिया के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने 562 रियासतों का बिना किसी भेदभाव के विलय करवाया है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में अहम भूमिका निभाई, वहीं आजादी के बाद देश को एक सूत्र में पिरोने का अतुलनीय कार्य भी किया। प्रधानमंत्री ने देश-प्रदेश, शहर, मोहल्ला, गांव को स्वच्छ बनाए रखने के लिए जो संकल्प लिया है, उसे हमें मिलकर पूरा करना है। स्वच्छता को बनाए रखने में हम सबको अपनी-अपनी भूमिका निभानी है। इस मौके पर पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, भाजपा जिला प्रधान सुशील राणा, पूर्व मंत्री देवेंद्र सिंह, घुम्मन सिंह किरमिच, अंबाला मंडलायुक्त गीता भारती, आईजी अंबाला रेंज सिबास कविराज, उपायुक्त राजेश जोगपाल, पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला, नगराधीश डॉ. रमन गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं लोग मौजूद रहे।