कुरुक्षेत्र। मुख्यमंत्री उड़न दस्ता की टीम ने सेक्टर-चार में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के कार्यालय पर छापामारी की। टीम की छापामारी से कार्यालय के अधिकारियाें व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने चार घंटे से ज्यादा कार्यालय में दस्तावेज खंगाले और उनकी गहनता से जांच की।
बुधवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने प्रभारी अनिश कुमार के नेतृत्व में एचएसवीपी के कार्यालय में अचानक छापामारी कर दी। टीम की छापामारी के दौरान एसडीओ और जेई नदारद मिले। टीम ने कार्यालय का हाजिरी रजिस्टर जांचने के साथ कई दस्तावेज की छानबीन की। इस दौरान टीम ने कार्यालय में आए कई लोगों की समस्याएं भी सुनी। प्रभारी अनिश कुमार के अनुसार मामले की रिपोर्ट बनाकर सरकार को भेजी जाएगी। निर्देशानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।