कुरुक्षेत्र। आजाद नगर में प्रॉपर्टी डीलर के घर पर फायरिंग करने और 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले के आरोपियों का पांच दिन बाद भी सुराग नहीं लगा है। आरोपियों की पहचान के लिए सीआईए-एक, सीआईए-दो और थाना कृष्णा गेट की टीम शहर में जगह-जगह से सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं, मगर पुलिस को जानकारी नहीं मिली है।
ज्ञात रहे कि आजाद नगर में प्रॉपर्टी डीलर जय प्रकाश और उनके अधिवक्ता बेटे अश्विनी गुप्ता के घर पर गुरुवार रात बाइक पर आए दो बदमाश छह-सात राउंड फायरिंग कर फरार हो गए थे। फायरिंग से पहले जय प्रकाश के व्हाट्सएप नंबर पर करीब साढ़े 11 बजे तक विदेशी नंबर से 10 कॉल आई थी। कॉल के करीब 15 मिनट बाद उनके घर पर हमला हुआ था। करीब सवा 12 बजे उनके व्हाट्सएप पर उसी विदेशी नंबर से वॉइस मैसेज भेजकर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इस मामले में एसटीएफ अंबाला की टीम भी छानबीन कर रही है।
सीआईए-एक के प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि अभी मामले में तफ्तीश जारी है। किसी आरोपी की पहचान नहीं हुई है। मामले में साइबर सेल की मदद ली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।