कुरुक्षेत्र। वोट चोर गद्दी छोड़ मुद्दे पर हल्ला बोल कार्यक्रम के तहत सीएम आवास का घेराव करने जा रहे कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को पुलिस बैरिकेड तोड़ दिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस में टकराव हो गया। इस पर पुलिस ने वाटर कैनन से पानी की बौछारें छोड़ दी तो कार्यकर्ताओं में अफरा-तफरी मच गई।
इस दौरान करीब एक घंटे तक तनाव की स्थिति बनी रही। कार्यकर्ता लौटने लगे तो पुलिस ने राहत की सांस ली। युवा कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की अगुवाई में मंगलवार को प्रदेश भर से सैकड़ों कार्यकर्ता सेक्टर तीन स्थित मुख्यमंत्री आवास से कुछ ही दूरी पर सेक्टर दो स्थित भागेश्वर महादेव मंदिर सेक्टर-दो पहुंचे, जहां उन्होंने करीब एक घंटा तक सभा का आयोजन किया।
जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष के अलावा संयोजक प्रदेश वरिष्ठ उपप्रधान सोमिल संधू व अन्य युवा नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इसके बाद कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए निकले, जिन्हें रोकने के लिए डीएसपी सुनील कुमार के नेतृत्व में भारी संख्या पुलिस बल तैनात रहा। कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए तीन स्तरीय बैरिकेडिंग भी की गई। यहीं नहीं मुख्यमंत्री आवास के आसपास के सभी ओर से रास्ते भी सील कर दिए गए थे। इस दौरान जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार को डयूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था।
इस दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ता रोष मार्च निकालते मुख्यमंत्री आवास से कुछ दूरी पर ही सेक्टर दो में बैरिकेडिंग पर पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। दो स्तरीय बैरिकेडिंग में से एक बैरिकेडिंग को कार्यकर्ताओं ने तोड़ दिया तो पुलिस ने पहले से ही तैनात की गई वाटर कैनन से पानी की बौछारें छोड़ दी। रूक-रूक कर दो बार पुलिस ने यह कार्रवाई की, जिससे अफरा-तफरी मच गई तो माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया। हालांकि इस कार्रवाई से कार्यकर्ता आगे नहीं बढ़ सके लेकिन बैरिकेडिंग के दूसरी ओर जमे रहे तो जमकर नारेबाजी कर कड़ा रोष भी जताया। बाद में कार्यकर्ता रवाना हो गए तो पुलिस ने बैरिकेडिंग हटाई।
इस मौके पर युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सत्यवाल गहलोत, सह प्रभारी मीमांशा आर्या, सह प्रभारी प्रियंका, यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव परमजीत पम्मी, विशाल चौधरी, महबूब चौधरी, अजय जोगी, आर्यन चौधरी, मुकेश चौधरी, सुमित मढाण, जितेंद्र नरवाल, नवनीत रंधावा, सूखा मालिक मौजूद रहे। संवाद