कुरुक्षेत्र। बारिश के सीजन में शहर में जलभराव न हो, इसके लिए नालों की सफाई के लिए करीब एक माह से नगर प्रशासन की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारी भी मौके पर जाकर सफाई व्यवस्था जांचने में लगे हैं तो वहीं समुचित सफाई व्यवस्था के दावे भी किए जा रहे हैं, लेकिन सोमवार अल सुबह आई सीजन से पहले की बारिश ने ही सफाई अभियान व दावों की भी पोल खोलकर रख दी है। शहर के अनेक क्षेत्रों में जलभराव हो गया। स्थिति का जायजा लेने के लिए विधायक सुभाष सुधा भी फील्ड में उतरे। वह जिस भी क्षेत्र में पहुंचे, वहीं जलभराव देखा तो वे भी हैरान रह गए। उन्होंने इस संबंध में मोबाइल पर ही अधिकारियों से बातचीत की।
बारिश अल सुबह साढ़े तीन बजे ही शुरू हो गई थी तो करीब दो घंटे तक जारी रही। विधायक तक जब क्षेत्र में जलभराव की सूचनाएं पहुंचने लगी तो छह बजे फील्ड में उतर गए। उन्होंने दो घंटे तक मुख्य मार्गों से लेकर गली-मोहल्लों का जायजा लिया। वे सबसे पहले सलारपुर रोड, विष्णु काॅलोनी, गीता धाम, बिरला मंदिर, केडीबी रोड, गांधी नगर, कीर्ति नगर, झांसा रोड आदि क्षेत्रों का दौरा करने के लिए पहुंचे। यहां कई जगहों पर पानी की निकासी ही नहीं मिली।
... जब दौड़ते हुए पहुंचे सफाई कर्मी
विधायक ने गीता धाम के पास पानी का भराव होने के मामले को गंभीरता से लेते हुए पीडब्लयूडी, जन स्वास्थ्य विभाग, नगर परिषद विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि गीता धाम के सामने पानी निकासी के लिए तमाम प्रबंध किए गए थे, लेकिन ऐसा जलभराव क्यों। अधिकारियों ने यह सुनकर नप के सफाई कर्मियों को तत्काल भेजा तो वे दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे और पानी निकासी की।
लापरवाह अधिकारी बख्शा नहीं जाएगा
विधायक ने इस दौरान कहा कि अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित नाले-नालियों की सफाई करवानी होगी। लापरवाह अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा। विधायक ने अधिकारियों को फील्ड में जाकर मौके का जायजा लेने के निर्देश दिए। इस दौरान विधायक ने बिरला मंदिर के आसपास के निवासियों से बातचीत की और लोगों ने अपनी कुछ समस्याओं को रखा। विधायक ने कहा कि इन समस्याओं का तुरंत निवारण कर दिया जाएगा।
निरीक्षण के बाद बैठक में ली फीडबैक
विधायक सुभाष सुधा ने जलभराव को लेकर शहर का जायजा लेने के उपरांत सर्किट हाउस में अधिकारियों की बैठक भी ली, जिसमें उन्होंने शहर के पानी निकासी को लेकर प्रबंधों की फीडबैक ली। विधायक ने स्पष्ट कहा कि अधिकारियों ने सफाई कार्य ठीक से नहीं कराया और न ही बारीकी से निरीक्षण किया गया, जिससे यह हालात हुए हैं। भविष्य में ऐसी लापरवाही सहन नहीं होगी।
कुरुक्षेत्र।ट्रैक्टर मार्केट में सड़क पर भरा बारिश का पानी।
कुरुक्षेत्र।ट्रैक्टर मार्केट में सड़क पर भरा बारिश का पानी।
कुरुक्षेत्र।ट्रैक्टर मार्केट में सड़क पर भरा बारिश का पानी।