संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत विशेष अभियान तिथियों दो दिसंबर व तीन दिसंबर को दावे व आपत्तियां ली जानी थी, लेकिन अब मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा द्वारा इन तिथियों में बदलाव कर दिया गया है। चुनाव अधिकारी द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि इन तिथियों को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा एचटेट की परीक्षा ली जानी है, इसलिए इन तिथियों के स्थान पर 25 व 26 नवंबर को दावे व आपत्तियां ली जाएंगी।
चुनाव तहसीलदार संदीप कुमार ने कहा कि नौ दिसंबर तक चलाए जा रहे इस विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का लाभ उठाएं व विशेषकर 18 से 19 वर्ष के नवयुवक तथा महिलाएं अपना नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल या वोटर हेल्पलाइन एप के माध्यम से सीधे ऑनलाइन आवेदन करें। 25 व 26 नवंबर को जिला के सभी 810 मतदान केंद्रों पर मतदान केंद्र स्तर के अधिकारी उपस्थित रहकर आमजन से दावे व आपत्तियां प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2024 के दौरान ऑनलाइन डिजिटल चयनित मतदाताओं में से तीन मतदाताओं को लैपटॉप, दो मतदाताओं को स्मार्ट फोन तथा 100 मतदाताओं को पेन ड्राइव (18 से 19 वर्ष नवयुवक तथा महिलाओं) दिया जाएगा।