लाडवा। जैनपुर जाटान गांव के पास लगातार दूसरे दिन बुधवार को भी तेंदुआ देखे जाने का दावा किया गया है जिसके चलते पहले सुबह तो फिर देर शाम को वन विभाग के अधिकारी पहुंचे लेकिन कहीं तेंदुए का कोई पता नहीं चल पाया। अधिकारियों ने इसे ग्रामीणों का वहम ही माना है जबकि अलर्ट रहने के लिए भी कहा है।
बुधवार को खेतों में चल रहे एक मकान के निर्माण कार्य पर लगे मिस्त्री धर्म सिंह डूडा ने दावा कि उन्होंने गन्ने के एक खेत से दूसरे खेत में जाते हुए तेंदुए को देखा है। उनकी सूचना पर शाम को भी ग्रामीण पहुंच गए तो वन विभाग के इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह भी पहुंचे। उन्होंने वहां के हालात देखे तो माना कि यह महज वहम हो सकता है लेकिन आसपास के ग्रामीणों को सतर्क जरूर रहना चाहिए। विभाग की टीम वीरवार को भी इस क्षेत्र में निगरानी करने पहुंचेगी।