कोरोना वायरस की दूसरी स्ट्रेन की कुरुक्षेत्र में दस्तक तो नहीं हुई, यह जानने के लिए स्वास्थ्य विभाग विदेश से भारत पहुंच रहे कोरोना पॉजिटिव रोगियों का जिनोम टेस्ट करा रहा है, लेकिन इनकी रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग के लिए सिर दर्द बनी हुई है। स्वास्थ्य विभाग को बिना रिपोर्ट मिले विदेश से पहुंचे कोरोना पॉजिटिव मरीजों को दस दिन बाद डिस्चार्ज करना पड़ रहा है। मंगलवार को भी एलएनजेपी अस्पताल में काफी गहमागहमी के बाद पुर्तगाल से कुरुक्षेत्र पहुंचे गांव लुखी वासी 24 वर्षीय युवक का सैंपल लिया गया। गत दिवस ही उक्त युवक पुर्तगाल से कुरुक्षेत्र पहुंचा था, लेकिन दिल्ली एयरपोर्ट पर युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली थी। स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत युवक से संपर्क किया और पुन: सैंपल के लिए जिला अस्पताल बुलाया। यहां उप सिविल सर्जन डॉ. रमेश सभ्रवाल और एपिडेमियोलॉजिस्ट बिंदू राय ने युवक का सैंपल लेने के साथ-साथ 10 दिन तक आइसोलेशन वार्ड में आइसोलेट होने की हिदायत दी, लेकिन युवक और उसके परिजन अस्पताल में दाखिल कराने से साफ इनकार कर गए। उनका कहना था कि पुर्तगाल में 72 घंटे पहले ही कोविड जांच कराई थी, जिसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है, लेकिन दिल्ली एयरपोर्ट पर लिया गया सैंपल पॉजिटिव कैसे हो सकता है ? हालांकि काफी गहमागहमी के बाद युवक ने अपने घर पर क्वारंटाइन रहने का आश्वासन दिया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 23 नवंबर 2020 से अब तक 526 लोग विदेश से कुरुक्षेत्र पहुंचे है। इनमें से स्वास्थ्य विभाग ने 10 कोरोना पॉजिटिव रोगियों के सैंपल लिए हैं, जबकि फ्रांस से लौटा एक कोरोना पॉजिटिव मरीज सैंपल लेने से पहले ही आइसोलेशन वार्ड से 14 फरवरी को फरार हो गया था। इनमें से तीन की रिपोर्ट नेगेटिव आई है, जबकि छह मरीजों की रिपोर्ट का स्वास्थ्य विभाग को इंतजार है। 14 अप्रैल को एलएनजेपी अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड से फरार हुए युवक के खिलाफ छह दिन बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। हालांकि पुलिस अधीक्षक से जिला सिविल सर्जन द्वारा सौंपी गई शिकायत पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था। केयूके पुलिस थाना प्रभारी राकेश कुमार का कहना है कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से उनके पास कोई सूचना नहीं आई है। पुलिस अधीक्षक जैसे आदेश देंगे आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उप सिविल सर्जन डॉ. रमेश सभ्रवाल का कहना है कि विदेश से अब तक 526 लोग कुरुक्षेत्र पहुंचे हैं। इनमें से 473 लोग यूनाइटेड किंगडम, 10 यूरोप से और 43 अन्य देशों से आए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना वायरस की श्रेणी का पता लगाने के लिए जिनोम टेस्टिंग की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा विदेश से पहुंचे कोरोना पॉजिटिव 11 में से 10 के सैंपल लिए हैं, लेकिन विभाग को एक-एक माह बाद जिनोम टेस्ट की रिपोर्ट मिल रही है। इस संदर्भ में उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है।