विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि थानेसर के सभी सेक्टरों, वार्डों व ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को कोरोना वायरस से बचाव के प्रति विभिन्न माध्यमों से जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में जन संपर्क विभाग द्वारा थानेसर शहर व ग्रामीण क्षेत्र में आमजन को जागरूक करने के लिए प्रचार किया जा रहा है। यह प्रचार वाहन थानेसर शहर व सभी गांवों में जाकर आमजन को कोरोना से बचाव के लिए किए जाने वाले सभी उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी देगा और इस वायरस की रोकथाम के लिए जागरूक करेगा। उन्होंने कहा कि सूचना, जन संपर्क एवं भाषा विभाग की तरफ से कोरोना वायरस से बचाव के प्रति सावधानियां बरतने को लेकर तैयार की गई ऑडियो को थानेसर नगर परिषद के 70 टिप्परों पर चलाया जा रहा है। सहायक सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी डा. नरेंद्र सिंह ने कहा कि विभागीय कर्मचारी गांव-गांव जाकर आमजन को कोरोना से बचाव व लोगों को अपने घरों में रहने के प्रति जागरूक कर रहे है।
थानेसर हलका में जरूरतमंद लोगों को मिलेगा खाना : सुधा
विधायक ने कहा कि थानेसर हलका में जरूरतमंद लोगों को खाना वितरित किया जाएगा। इसके लिए समाज सेवी संस्थाओं का सहयोग मांगा जा रहा है, कोई भी समाजसेवी संस्था खाद्य साम्रग्री देने के लिए संपर्क कर सकती है और जिन लोगों को खाने की जरूरत है वह भी दूरभाष नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। इस सेवा के लिए हेल्पलाइन नंबर 92157-51664, 94169-11627 व 79880-09692 पर सूचना दे सकता है। बुधवार को गुरुद्वारा साहिब से अनुरोध करके 500 लोगों के लिए खाना तैयार किया गया और वितरित भी किया गया।
200 साधुओं को भेजा धर्मशालाओं में
उपायुक्त धीरेंद्र खडगटा के आदेशानुसार ब्रहमसरोवर पर और शहर में बैठे करीब 200 साधुओं को अलग-अलग धर्मशालाओं में भेजा गया है। इन सभी साधुओं को रैडक्रास सोसायटी के माध्यम से खाना वितरित किया गया है। सचिव कुलबीर मलिक ने कहा कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए सभी साधु धर्मशालाओं में जगह ले और कोई भी बाहर ना घूमें। उन्होंने कहा कि बुधवार को ब्रह्मसरोवर व आसपास के क्षेत्र से 200 साधुओं को धर्मशालाओं में भेजा गया है और उनका खाना भी उपलब्ध करवाया गया है।
स्लम बस्तियों में खाद्य सामग्री बांटी
रेडक्रास के सचिव कुलबीर मलिक ने कहा कि शहर में कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन किया गया है। इसलिए जरूरतमंद लोगों के खाने की व्यवस्था समाजसेवी संस्थाओं के माध्यम से प्रशासन द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर शहर की कोई भी सामाजिक, धार्मिक संस्थान या नागरिक किसी भी प्रकार की खाद्य सामग्री से संबंधित मदद करना चाहता है, तो वह जिला रेडक्रास कार्यालय के कर्मचारियों के दूरभाष नंबर 98960-50511 व 94165-91373 पर संपर्क कर सकता है।