गुरुद्वारा श्री सिंह सभा डेरा फतेह सिंह पिहोवा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी मामले को लेकर शिरोमणि अकाली दल का एक प्रतिनिधिमंडल एसआईटी से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से मामले की पूरी जानकारी ली। इस प्रतिनिधिमंडल में शिरोमणि अकाली दल हरियाणा के प्रदेश प्रवक्ता कंवलजीत सिंह अजराना, अंतरराष्ट्रीय गुरवाणी कथावाचक ज्ञानी तेजपाल सिंह, गुरुद्वारा बैकुंठ धाम सेवा ट्रस्ट के चेयरमैन लखविंदर सिंह संधू, प्रधान जसबीर सिंह वडै़च, शिअद शहरी प्रधान तजिंदर सिंह मक्कड़, सुरेंद्र सिंह संधू, दिलबाग सिंह शामिल रहे। कंवलजीत सिंह अजराना ने एसआईटी में शामिल डीएसपी पिहोवा और सीआईए के गुरविंदर सिंह से इस मुद्दे को लेकर चर्चा की।
उन्होंने मांग की कि इस मामले की गंभीरता से छानबीन होनी चाहिए। अजराना ने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब सिखों के ही नहीं, अपितु पूरी मानवता के रहबर हैं, इसलिए उनकी बेअदबी करने वालों की पहचान कर उन्हें कड़ी सजा देनी चाहिए। उन्होंने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि गांववासियों को भी चाहिए कि वें एसआईटी का सहयोग करें, ताकि घटना को अंजाम देने वाले असामाजिक तत्वों की शीघ्र पहचान संभव हो सकें। उधर कंवलजीत सिंह अजराना ने कहा कि सोशल मीडिया पर गुरुद्वारा साहिबान व सिख धर्म पर आपत्तिजनक पोस्ट वायरल का मामले से साजिश की बू आ रही है। इस मामले पर पुलिस को गंभीरता और गहनता से जांच करनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि जिला पुलिस इस मामले की छानबीन करते हुए पता लगाए कि इसके पीछे की सच्चाई क्या है और इसके पीछे कौन-कौन हैं। अजराना ने मांग की इस मामले की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए।