गांव जोगी माजरा में हरियाणा सरकार द्वारा विकास के लिए भेजे गए सरकारी सीमेंट में धांधली करते हुए सरपंच द्वारा हजारों कीमत के 150 कट्टों को धोखाधड़ी करके अपने भाई को देने का मामला सामने आया है। नायब तहसीलदार सुरेश सिंह ने शिकायत देते हुए कहा कि सरकार ने गांव जोगी माजरा के सरपंच को गांव के विकास कार्य के लिए सीमेंट के कट्टों को भेजा था। इन कट्टों पर नॉट फॉर सेल लिखा हुआ था। इस सीमेंट को कोई भी व्यक्ति प्राइवेट कार्य में इस्तेमाल नहीं कर सकता है। बावजूद जोगी माजरा के सरपंच ने साजिश रचकर धोखाधड़ी से 150 सीमेंट के भरे कट्टों को अपने भाई को दे दिए। भाई ने लिए गए सीमेंट के कट्टों को अपने निजी भवन के निर्माण में लगाना शुरु कर दिया। जांच के दौरान टीम ने मौके से नॉट फॉर सेल वाले सीमेंट के भरे 137 कट्टे व 13 खाली कट्टों को बरामद किया है। पुलिस ने सरपंच सहित दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।