गांव संधौली की नई बस्ती में झगड़े की शिकायत पर जांच करने गए हेड कांस्टेबल पर कुछ लोगों द्वारा डंडों से हमला करके उसे जख्मी कर दिया। जख्मी अवस्था में हेड कांस्टेबल को पिहोवा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद हेड कांस्टेबल को छुट्टी दे दी गई। हेड कांस्टेबल के हाथ पर चोट लगी है। हेड कांस्टेबल सुखा ने बताया कि उसके पास गांव संधौली की नई बस्ती से एक लड़ाई झगड़े की शिकायत आई थी, जिसकी जांच के लिए वह गांव में गया था। जांच के दौरान उन्होंने आरोपी बीरू राम से पूछताछ शुरू की तो आरोपी और उसके परिजन तैश में आ गए। जब उसने उनका विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर डंडों से हमला कर दिया। सिर पर डंडे का वार बचाने के लिए उसने हाथ ऊपर किया तो उसके हाथ पर भी चोट आई। इसके बाद आरोपियों ने उसकी वर्दी फाड़ दी तथा मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना उन्होंने पुलिस स्टेशन में दी, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर हेड कांस्टेबल को पिहोवा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने हेड कांस्टेबल सुखा की शिकायत पर आरोपी बीरू राम, उसकी पत्नी, भाई व कई अन्य के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मी से मारपीट करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। खबर लिखे जाने तक मामले में किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी।