सर्व समाज कल्याण सेवा समिति के प्रदेशाध्यक्ष रामेश्वर सैनी ने डीसी कुरुक्षेत्र से एक अगस्त को रेलवे ट्रैक पर हाईटेंशन तारों से बुरी तरह झुलसे दो बच्चों की जान बचाने वाले खंड विकास व पंचायत थानेसर कार्यालय में कार्यरत ग्राम सचिव राजाराम को स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानित किए जाने की मांग की है। बच्चे मालगाड़ी पर चढ़ गए थे और बिजली के हाईवोल्टेज तार की चपेट में आ गए थे।
रामेश्वर सैनी का कहना है कि जब रेलवे ट्रैक पर आग से झुलसे दोनों बच्चों की हालत देख रेलवे के कर्मचारी व रेलवे पुलिस तमाशा देख रही थी।
उस समय ग्राम सचिव राजाराम ने गंभीर रूप से झुलसे दोनों को उठाकर एंबुलेंस की मदद से एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद चंडीगढ़ पीजीआई पहुंचाने का जो तत्परता से कार्य किया, उसी के चलते अब दोनों बच्चों की हालत में पहले से सुधार है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर ग्राम सचिव राजाराम आग से झुलसे दोनों बच्चों की तुरंत मदद न करते तो शायद बच्चे न बच पाते।
इतना ही नहीं राजाराम ग्राम सचिव ने दोनों बच्चों के परिजनों को अपनी ओर से 11 हजार रुपये आर्थिक सहायता भी उपलब्ध करवाई।
हरियाणा पत्रकार कल्याण मंच ने ग्राम सचिव राजाराम के समाजसेवी कार्य को देखते हुए स्वतंत्रता दिवस उन्हें सम्मानित करने के लिए डीसी निखिल गजराज से विशेष तौर मांग की है।
इसके अलावा दोनों बच्चों के इलाज के लिए जिला रेडक्रॉस की ओर से आर्थिक सहायता देने का अनुरोध भी किया। डीसी ने हरियाणा पत्रकार कल्याण मंच के प्रदेशाध्यक्ष पवन आश्री व महासचिव बाबूराम तुषार के आग्रह पर दोनों बच्चों के इलाज के लिए रेडक्रॉस की ओर से हर संभव सहायता देने का ऐलान किया है। हरियाणा पत्रकार कल्याण मंच ने भी बच्चों के इलाज के लिए 11 हजार रुपये उनके परिजनों को देने की घोषणा की है।