संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। जिला बाल कल्याण परिषद की ओर से बाल भवन में आयोजित बाल दिवस प्रतियोगिताओं के तीसरे दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिताओं के तीसरे दिन देशभक्ति समूह गान, कविता पाठ सहित अन्य निर्धारित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति, रचनात्मकता और साहित्यिक अभिरुचि का परिचय दिया। जिला परिषद की चेयरपर्सन कंवलजीत कौर ने कहा कि बाल दिवस प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य बच्चों की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना और देशभक्ति, अनुशासन और सकारात्मक सोच जैसे गुणों का विकास करना है।
उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियों में बढ़-चढक़र भाग लेने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिताओं में भागीदारी से बच्चों की अभिव्यक्ति क्षमता, मंच पर प्रस्तुति देने का आत्मविश्वास और आपसी सहयोग की भावना मजबूत होती है।
जिला बाल कल्याण अधिकारी नीलम ने कहा कि जिला बाल कल्याण परिषद द्वारा प्रतिवर्ष बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। इन प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।