कुरुक्षेत्र। मिशन इंद्र धनुष का पहला राउंड सात अगस्त से 12 अगस्त तक चलाया गया था। अब 11 सितंबर से 16 सितंबर तक दूसरा राउंड चलाया जाएगा। इस कार्यक्रम के अंतर्गत 0 से 5 वर्ष तक के छूटे हुए बच्चों व आंशिक टीकाकरण वाले बच्चों का व गर्भवती महिलाओं का पूर्ण टीकाकरण करवाया जाएगा। इन सभी का ऑनलाइन यू-विन पोर्टल पर पंजीकरण किया जाएगा तथा टीकाकरण का पूरा विवरण ऐप के माध्यम से देखा जा सकेगा।
सिविल सर्जन डाॅ. सुखबीर सिंह ने कि पोर्टल के बारे में विभाग के चिकित्सकों व स्टाफ को जानकारी दी जा चुकी है तथा निजी अस्पतालों जहां पर डिलीवरी तथा बच्चों का टीकाकरण किया जाता है उनको भी प्रशिक्षण दिया जा चुका है। यू-विन पोर्टल से नागरिकों को भी सुविधा होगी क्योंकि उनको घर बैठे गर्भवती महिलाओं व बच्चों के टीकाकरण की जानकारी मिल सकेगी तथा टीकाकरण पूर्ण होने पर ई-प्रमाणपत्र भी डाउनलोड किया जा सकेगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. मनीषा सिंह ने बताया कि सात अगस्त से 12 अगस्त तक चले पहले राउंड में 2212 बच्चों व 522 गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया गया। संवाद