लाडवा। खंड के पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में वीरवार को खंड स्तरीय जनसंख्या शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा 6वीं से 8वीं तथा 9वीं से 12वीं वर्ग के विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन, वाद-विवाद, स्लोगन लेखन, पोस्टर मेकिंग एवं कार्टून मेकिंग प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. ऋषि पाल भारद्वाज की अध्यक्षता में हुआ।
उन्होंने विद्यार्थियों को जनसंख्या शिक्षा के महत्व, सामाजिक जागरूकता तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, अभिव्यक्ति क्षमता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम के ओवरऑल नोडल एवं प्रधानाचार्य संजीव कुमार के मार्गदर्शन में प्रतियोगिताओं का सफल संचालन किया गया। प्रतियोगिताओं के उपरांत परिणाम घोषित किए गए। कक्षा 6वीं से 8वीं तथा 9वीं से 12वीं दोनों वर्गों में निबंध लेखन, पोस्टर मेकिंग, स्लोगन लेखन, कार्टून मेकिंग एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।