कुरुक्षेत्र। थानेसर अनाजमंडी में निरीक्षण के लिए पहुंचे मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद अधिकारियों
कुरुक्षेत्र/पिपली। उच्चाधिकारियों ने आखिरकार अनाजमंडियों की सुध लेनी शुरू कर दी है। मंगलवार को प्रदेश के मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद देर शाम थानेसर व पिपली अनाजमंडी में निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि गेहूं के सीजन में सभी मंडियों में फसल खरीद का कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। मंडियों में व्यापारियों और किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है। इतना ही नहीं फसल की राशि का भुगतान भी नियमानुसार कर दिया जाएगा।
उन्होंने थानेसर अनाज मंडी, ब्रह्मसरोवर के पास पड़ी गेहूं व पिपली अनाज मंडी में गेहूं की आवक का निरीक्षण किया तो वहीं अधिकारियों को कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इससे पहले मुख्य सचिव ने थानेसर अनाज मंडी, ब्रह्मसरोवर के आसपास पड़े गेहूं व पिपली अनाज मंडी में गेहूं के खरीद कार्यों का निरीक्षण किया। मुख्य सचिव ने थानेसर अनाज मंडी में गेहूं की बोरी पर बैठे किसानों से बातचीत की और गेहूं की कटाई से लेकर मंडी तक पहुंचने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही मुख्य सचिव ने व्यापारियों से भी खरीद कार्य, उठान कार्य के बारे में भी बातचीत की है। इतना ही नहीं मुख्य सचिव ने खरीद कार्यों में और सुधार लाने के लिए किसानों, व्यापारियों और अधिकारियों से सुझाव भी लिए। इस दौरान एसीएस ने गेहूं के कट्टों को कंडे पर तुलवाकर भार चैक किया, मंडियों में गेहूं की ढेरियों पर जाकर नमी को चैक किया और बाकायदा मशीन के माध्यम से नमी को जांचने का काम भी किया। इस दौरान मुख्य सचिव ने व्यापारियों और किसानों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को भी सुना।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में गेहूं की खरीद का काम सुचारू से चलना चाहिए। इस खरीद कार्य के दौरान किसी को भी कोई दिक्कत और परेशानी नहीं होनी चाहिए, किसी भी मंडी से सूचना मिलने पर व्यापारियों और किसानों की समस्याओं को अधिकारी तुरंत दूर करना सुनिश्चित करेंगे। अधिकारी गेहूं की खरीद कार्य को गंभीरता से लें, जो अधिकारी लापरवाही बरतेगा उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। उनके साथ जिला उपायुक्त शांतनु शर्मा, एसडीएम सुरेंद्र पाल व डीएफएससी सुरेंद्र सैनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
कुरुक्षेत्र। थानेसर अनाजमंडी में निरीक्षण के लिए पहुंचे मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद अधिकारियों