कुरुक्षेत्र। पूर्व शिवरात्रि सेवा मंडल की ओर से महाशिवरात्रि पर्व से पूर्व भगवान भाेलेनाथ की बरात निकाली गई। जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल रहे। इस दौरान बम, बम-बम लहरी के जयकारों से धर्मनगरी का माहौल शिवमयी हो उठा।
बरात का सामाजिक और धार्मिक संगठनों की ओर से जगह-जगह स्वागत किया गया और भंडारे भी लगाए गए। बरात का विशेष आकर्षण इसमें शामिल झांकियां रही। इस दौरान भोलनाथ की बारात की अगुवाई कर रही राम जी की सेना, बर्फ का शिवलिंग, अघोरी नृत्य, लुधियाना की रंगोली और रंगीन आतिशबाजी ने सबका मन मोह लिया। श्री ब्राहमण एवं तीर्थोंद्वार सभा के संरक्षक जयनारायण शर्मा, शिवरात्रि सेवा मंडल के सदस्यों मनोज परूथी, एमके मोदगिल, रोहित शर्मा, चंदन अरोड़ा, बृजेश किंगर व अन्य सदस्यों ने भगवान भोलनाथ की आरती की।
बरात में शामिल शिवभक्तों का अंबेडकर चौक, छोटा बाजार, मेन बाजार, सब्जी मंडी हनुमान मंदिर, रोटरी चौक, अंबेडकर चौक मार्किट एसोसिएशन के सभी दुकानदारों, गीता स्कूल चौक, गोल बैंक चौक पर कईं सामाजिक संस्थाओं, धार्मिक संस्थाओं व दुकानदारों ने बरात का जगह-जगह स्वागत किया। अंबेडकर चौक पर मुलतान सभा एवं अंबेडकर चौक एसोसिएशन के प्रधान प्रदीप झांब, राजू झांब, अशोक शर्मा, संजीव जुल्का, मींटा सिंह व अन्य कईं दुकानदारों ने बरातियों को जलपान करवाया।
नंगली वाली कुटिया में हुआ शिव-पार्वती का विवाह : भोले की बरात प्रात: लगभग 11 बजे दु:खभंजन मंदिर से शुरू होकर गुरुद्वारा चौक, अंबेडकर चौक, सीकरी चौक, पुराना बाजार, सब्जी मंडी, रोटरी चौक, पुराना बस स्टैंड, सेक्टर-17, रेलवे रोड, न्यू कालोनी, अमीन रोड से होती हुई राजेन्द्र नगर स्थित नंगली वाली कुटिया में पहुंची जहां बीते वर्षों की तरह भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह संपन्न हुआ। यहीं से देर शाम डोली दुखभंजन मंदिर की ओर रवाना हुई।