संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। बेरोजगार युवक को पुर्तगाल भेजने के नाम पर तीन एजेंट ने सात लाख रुपये हड़प लिए। आरोपी कुलदीप निवासी नलवी, साहिल निवासी दुर्गा कॉलोनी हिसार और अंकित चंदेल निवासी हीरा नगर जिला हमीरपुर, हिमाचल प्रदेश ने शिकायतकर्ता को 14 लाख रुपये में विदेश भेजने का झांसा दिया था।
पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में रोहित निवासी नलवी ने बताया कि कुलदीप ने अपने साथी साहिल और अंकित के साथ मिलकर उसे 14 लाख रुपये में दो साल के परमिट पर पुर्तगाल भेजने का आश्वासन दिया था। इसमें आरोपियों ने उससे सात लाख रुपये एडवांस मांगे थे। उनकी बातों में आकर फाइल तैयार करने के लिए उसने 50 हजार रुपये जून 2022 में पासपोर्ट के साथ दिए। अगस्त 2022 में उसने मासी से एक लाख, ताऊ से दो लाख रुपये लेकर कुलदीप को अपने गांव में दिए। 21 नवंबर को आरटीजीएस द्वारा दो लाख और 28 नवंबर को डेढ़ लाख रुपये ट्रांसफर किए।
एडवांस रकम मिलने के बाद आरोपियों ने जल्द उसे पुर्तगाल भेजने का दावा किया। फरवरी में आरोपियों ने उसे बताया कि उसका यूक्रेन का वीजा लग गया है और यूक्रेन से उसे पुर्तगाल भेजा जाएगा। 24 फरवरी को उसकी सुबह साढ़े तीन बजे फ्लाइट है और वह उसे फ्लाइट में बैठाकर आएगा, मगर उसी रात आरोपियों ने बताया कि उसके बंदे पकड़े गए हैं। अब उसकी फ्लाइट दोबारा से किसी और दिन करानी पड़ेगी। उसके बाद से आरोपी टालमटोल करते रहे। उसने अपने रुपये मांगे तो उसे जान से मारने की धमकी दी। शाहाबाद पुलिस ने तीनों को नामजद कर जांच शुरू कर दी। संवाद