कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी में केडीबी के मेला ग्राउंड में 6 फरवरी से शुरू होने वाला राज्य स्तरीय पशु मेला कई मायनों में खास होगा। मेले में पहली बार अलग-अलग श्रेणी में ब्रीड चैंपियन पशु घोषित किए जाएंगे, जिन्हें ढाई लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा।
मेले में आने वाले करीब 1500 में से 70 से अधिक बेहतरीन पशुओं को सामान्य जगह के बजाय विशेष तौर पर सजाए गए पकोड़ा टेंट में रखा जाएगा। एक पशु के लिए एक ऐसी हट बनवाई गई है, ताकि इन पशुओं को देखने वाले लोग भी बेहतर अनुभव कर सकें।
इसके साथ ही विभिन्न नस्ल के पशुओं का कैट वॉक भी कराया जाएगा जिसके लिए रिंग तैयार किया गया है। तीन दिन के इस मेले का उद्घाटन प्रदेश के पशुपालन एवं कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा करेंगे जबकि अगले दिन 7 फरवरी को केंद्रीय कृषि मंत्री राजीव रंजन पहुंचेंगे। अंतिम दिन मुख्यमंत्री नायब सैनी मुख्यातिथि होंगे।
मेले पर करीब छह करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। प्रदेश के सभी जिलों से आने वाले अच्छी नस्ल के पशुओं के बीच में प्रतियोगिता होगी और विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार भी दिया जाएगा।
पशु पालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. अनिल बनवाला ने बताया कि मेले की तैयारियों के कारण बुधवार को जिला उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने 21 विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर उचित दिशा-निर्देश दिए।
उपनिदेशक ने बताया कि राज्य स्तरीय पशु मेले में 23 जिलों से लगभग एक लाख किसान भाग लेंगे। इन सभी जिलों से किसानों को लाने व ले जाने के लिए 200 बसों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर भी पशुपालन विभाग की तरफ से तमाम पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय पशु मेले में 1500 पशु पहुंचेंगे और सभी अच्छी नस्ल के होंगे। इन पशुओं के लिए 53 कैटेगरी निर्धारित की गई हैं और सभी कैटेगरी में प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इन सभी विजेताओं को पशुपालन विभाग की तरफ से आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
कुरुक्षेत्र। पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ.अनिल बनवाला।