ढांड रोड पर नहर के पास बाइक सवार तीन युवक मेडिकल स्टोर संचालक से 20 हजार रुपये छीनकर फरार हो गए। स्टोर संचालक बाइक से अपने घर जा रहा था। थाना सदर में दर्ज शिकायत में मुकेश वासी रुआं ने कहा कि उसका गांव जुरासी कलां में मेडिकल स्टोर है। शुक्रवार रात वह साढ़े आठ बजे अपना मेडिकल स्टोर बंद करके बाइक पर अपने घर जा रहा था। जैसे ही वह करीब सवा नौ बजे ढांड रोड पर गांव अरनैचा नहर के पास पहुंचा तो बाइक पर तीन युवक आए। ओवरटेक करते हुए उनमें से एक युवक ने उसे धक्का दे दिया, जिससे वह बाइक सहित सड़क के साइड में गिर गया। जब तक वह कुछ समझता बाइक से एक युवक उतर कर उसके पास आया और उसकी जेब से पर्स और 18 हजार रुपये निकाल लिए। उसके पर्स में करीब दो हजार रुपये थे। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।