चोरों ने अलग-अलग 3 घरों और एक दुकान का ताला तोड़कर नकदी, जेवरात कीमती कपड़े व एक रिवॉल्वर आदि को चोरी कर लिया है। चोरी हुए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
यू लक्ष्मण कालोनी निवासी अश्वनी पुत्र सुरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उसकी नए बाजार थानेसर में रेडीमेड गारमेंट की दुकान है। रोजाना वह रात्रि में दुकान बंद कर घर चला जाता था। बीती रात भी घर चला गया था। पीछे से अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर करीब 1 लाख के कीमती कपड़े चोरी कर लिए हैं। दूसरी घटना में गांव बडामी निवासी जोगिंद्र सिंह पुत्र बरकत सिंह ने भी शिकायत में कहा कि अज्ञात चोरों ने गत रात्रि उसके घर का ताला तोड़कर कीमती जेवरात व रिवाल्वर को चोरी कर लिया है। सेक्टर 7 निवासी शमीम पुत्र शाकील, सौरभ पुत्र जिले सिंह ने भी पुलिस में शिकायत की कि अज्ञात चोरों ने रात्रि के समय उनके घर पर धावा बोलकर नकदी, जेवरात व मोबाइल फोन चोरी कर लिए हैं। पुलिस ने चारों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।