लाडवा। चोरों ने महावीर कॉलोनी स्थित एक सूने घर के ताले तोड़कर हजारों रुपये का सामान, नकदी और गहने चोरी कर लिए। चोर घर में रखा लैपटॉप भी अपने साथ ले गए। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरी शंकर निवासी गली नंबर 7 ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह परिवार सहित शिमला घूमने गया हुआ था। आठ जुलाई को सुबह 2:00 बजे वह घर वापस पहुंचे तो घर के ताले टूटे हुए थे और घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। जब उन्होंने अंदर जाकर घर का सामान चेक किया तो दो चांदी के कड़े, एक चांदी की पाजेब, अंगूठी लॉकेट, लैपटॉप व घर में रखी नगदी गायब मिली। उन्होंने आस पड़ोस के लोगों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि पांच जुलाई को घर के मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ। लेकिन 6- 7 जुलाई को गेट पर ताला दिखाई नहीं दिया, जिससे आशंका जताई जा रही है कि पांच जुलाई की मध्य रात्रि को अज्ञात चोरों ने घर को निशाना बनाते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया। थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति ज्यादा समय के लिए घर से बाहर जा रहा है तो पुलिस को अवश्य सूचित करें।