कुरुक्षेत्र। विधानसभा चुनाव में सरकारी ड्यूटी बाधा पहुंचाने और मजिस्ट्रेट के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप में पुलिस ने एक पूर्व पार्षद समेत अन्य पांच-छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। चुनाव में रुपये और शराब बांटने की सूचना पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट टीम के साथ आरोपी पार्षद के कार्यालय पर गए थे।
थाना कृष्णा गेट में दर्ज शिकायत में सुनील पातड ने आरोप लगाते हुए बताया कि उनको चुनाव आयोग की ओर से विधानसभा चुनाव में ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। चार अक्तूबर रात करीब साढ़े आठ बजे उन्हें सूचना मिली कि पूर्व पार्षद अपने कार्यालय में रुपये और शराब बांट रहा है। सूचना पर तुरंत उनकी टीम मौके पर पहुंची, जहां खड़ी पांच-छह गाड़ियां आगे-पीछे होते हुए चली गई। इसी दौरान पूर्व पार्षद अपने पांच-छह साथियों के साथ कार्यालय से बाहर आया। उन्होंने पूर्व पार्षद से रुपये और शराब बांटने के संबंध में पूछताछ कर कार्यालय की तलाशी लेनी चाही। इस पर पूर्व पार्षद उनके साथ बहस करते हुए गाली-गलौज करने लगा। आरोपियों ने उनको कार्यालय में जाने से रोका और उनके साथ दुर्व्यवहार करते हुए सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।